फायरिंग से पहले ग्राउंड की रेकी… टाइगर श्रॉफ पर हमले में नया खुलासा, आरोपी को लेकर रैपिडो की भी आई सफाई
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपियों ने हमले से पहले फुटबॉल ग्राउंड की रेकी की थी. एक आरोपी के रैपिडो राइडर होने पर कंपनी ने सफाई दी है.
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीनों आरोपी राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार हो चुके हैं. रेहान रहीउसुद्दीन अंसारी हरियाणा और ऋतिक कुमार उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है. इसके अलावा फूल सिंह सोनीपत के हरियाणा का है. इस बीच नया खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने फायरिंग से पहले फुटबॉल ग्राउंड की रेकी थी. वहीं, आरोपी ऋतिक कुमार के रेपिडो राइडर होने की बात सामने आने के बाद कंपनी ने सफाई पेश की है और दावा किया है कि वह 14 अक्टूबर के बाद से एक्टिव नहीं था.
सूत्रों के मुताबिक, शूटर फुटबॉल ग्राउंड की रेकी करने पहुंचे थे. आरोपियों ने पिछले रविवार को फुटबॉल ग्राउंड पर जाकर रेकी की थी. उन्होंने यह पता लगाने की कोशिश की थी कि टाइगर श्रॉफ उस दिन फुटबॉल ग्राउंड पर मौजूद रहेंगे या नहीं. पुलिस अब फायरिंग की घटना से पहले के दिनों में आरोपियों की गतिविधियों और उनकी निगरानी से जुड़ी गतिविधियों की जांच कर रही है.
आरोपी ऋतिक कुमार को लेकर रेपिडो ने क्या कहा?
इधर, आरोपी ऋतिक कुमार को लेकर रेपिडो बयान जारी किया है. कंपनी ने कहा कि टाइगर श्रॉफ और उनकी टीम से जुड़ी घटना को लेकर हम बेहद चिंतित हैं. हमें राहत है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं. हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं. मीडिया में रेपिडो प्लेटफॉर्म पर कैप्टन के रूप में रजिस्टर्ड एक व्यक्ति का जिक्र किया जा रहा है. वह व्यक्ति 14 अक्टूबर से हमारे प्लेटफॉर्म पर कैप्टन के तौर पर एक्टिव नहीं है. भारत की गिग इकोनॉमी में यह आम बात है कि लोग एक ही समय में कई प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर्ड होते हैं. घटना वाले दिन उक्त व्यक्ति ने रैपिडो की सेवाओं का इस्तेमाल एक ग्राहक के रूप में किया था.
उन्होंने कहा कि हम अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और जांच में उनका सहयोग कर रहे हैं. हमने तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिकारियों द्वारा मांगी गई सभी जानकारियां साझा की हैं. रेपिडो हिंसा और किसी भी आपराधिक गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाता है. हम जांच में अधिकारियों को अपना पूरा सहयोग देना जारी रखेंगे.
टाइगर श्रॉफ को दी गई पुलिस सुरक्षा
फायरिंग की घटना में निशाना बनाए जाने के बाद टाइगर श्रॉफ को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले टाइगर श्रॉफ के पास कोई सुरक्षा कवर नहीं था, ऐसे में वह हमलावरों के लिए आसान निशाना बन गए. अब तक की जांच में शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पहले के मामलों की तरह इस घटना के पीछे भी दहशत फैलाना और वसूली करना मुख्य मकसद हो सकता है. हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.




