फ्रांस पर एक और आफत! इंसानों में फैला खतरनाक शमोंडा वायरस, एक की मौत

फ्रांस पर एक और आफत! इंसानों में फैला खतरनाक शमोंडा वायरस, एक की मौत

फ्रांस में पहली बार इंसान में शमोंडा वायरस मिला है. संक्रमित मरीज की मौत हो गई. यह वायरस गायों समेत मवेशियों में फैलता है. आयरलैंड, जर्सी और नीदरलैंड में भी इसके मामले मिले हैं.

फ्रांस में जानवरों को संक्रमित करने वाले शमोंडा वायरस का पहली बार इंसान में पता चला है. संक्रमित मरीज की बाद में मौत हो गई. फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस वायरस से आम लोगों को कोई खतरा नहीं है. शमोंडा ऐसा वायरस है, जो कीटों के काटने से फैलता है. यह मुख्य रूप से मवेशियों को संक्रमित करता है. गायों में इसके संक्रमण के ज्यादातर मामले मिले हैं. इसे फैलाने में छोटे-छोटे काटने वाले कीटों की भूमिका होती है. फ्रांस सरकार के मुताबिक, अब तक माना जाता था कि यह वायरस इंसानों को संक्रमित नहीं कर सकता.

फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारियों का शुरुआती अनुमान है कि मरीज पूर्वी फ्रांस में संक्रमित हुआ होगा. इस इलाके में 2026 की वसंत और गर्मियों के दौरान जानवरों में यह वायरस फैल रहा था. हालांकि, मरीज को संक्रमण कैसे हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. इस वायरस की पहचान पहली बार 1960 के दशक के मध्य में अफ्रीकी देश नाइजीरिया में हुई थी. इसके बाद अफ्रीका और जापान में जानवरों में इसके मामले कभी-कभी सामने आते रहे. इस साल यह यूरोप के कई देशों में भी फैल रहा है.

जर्सी, आयरलैंड और नीदरलैंड में भी मिला वायरस

फ्रांस के तट से करीब 50 किमी दूर जर्सी द्वीप पर भी शमोंडा जैसा वायरस मिला है. वहां अगस्त से ही संक्रमण की जानकारी थी, लेकिन ब्रिटेन की एनिमल एंड प्लांड हेल्थ एजेंसी (APHA) ने इसकी जानकारी पिछले हफ्ते दी. एजेंसी ने कहा कि इससे ब्रिटिश आइलैंड के पास इस वायरस की मौजूदगी की पुष्टि होती है. हालांकि, ब्रिटेन में अब तक संक्रमण का कोई मामला नहीं मिला है.

आयरलैंड के दक्षिणी हिस्से में दो डेयरी फार्मों की तीन गायों में भी यह वायरस मिला. एक प्राइवेट लैब में जांच के दौरान पहले श्मालेनबर्ग वायरस की आशंका थी, लेकिन उसकी जांच रिपोर्ट ने इसकी पुष्टि नहीं की. बाद में शमोंडा जैसा वायरस पाया गया. आयरलैंड का एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट मामले की जांच के लिए लैब के संपर्क में है. विभाग गर्मियों से यूरोप में इसके फैलाव पर नजर रख रहा है.

गर्भवती गायों को ज्यादा खतरा

इस वायरस से गर्भवती गायों के बछड़े की मौत हो सकती है. फिलहाल इसकी कोई वैक्सीन या इलाज उपलब्ध नहीं है. किसानों को चिंता होने पर पशु चिकित्सकों से सलाह लेने को कहा गया है. इस साल गर्मियों में नीदरलैंड की गायों में भी शमोंडा जैसा नया ऑर्थोबुनियावायरस मिला था.

यह भी पढ़ें: फ्रांस में प्रदर्शन को मुस्लिमों से जोड़ने का नैरेटिव कैसे हुआ फेल?

शुभेंदु प्रताप भूमंडल
शुभेंदु प्रताप भूमंडल

पत्रकारिता में बीते 5 साल से सक्रिय हैं. नेशनल और इंटरनेशनल न्यूज राइटिंग का अनुभव. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से साइंस में ग्रेजुएशन, फिर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता और वीडियो प्रोडक्शन की पढ़ाई. दैनिक भास्कर डिजिटल से करियर की शुरुआत. बतौर न्यूज ब्रीफ एडिटर भास्कर डिजिटल में 800 से ज्यादा बाइलाइन स्टोरी. वीडियो स्क्रिप्टिंग का भी अनुभव. अगस्त 2025 से टीवी9 डिजिटल के साथ नई पारी का आगाज.

Read More