किसने रची थी फ्रांस में तख्तापलट की साजिश, 3 फैक्ट्स से उठ रहे सवाल
फ्रांस में विरोध प्रदर्शनों के बीच फर्जी खबरें और AI वीडियो वायरल हो रहे हैं. क्या तख्तापलट की साजिश रची गई थी? क्या इसके पीछे विदेशी ताकतों का हाथ है? जानिए 3 अहम फैक्ट्स.
फ्रांस में हो रहा विरोध प्रदर्शन दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है, इस प्रदर्शन की शुरुआत शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर हुआ था. लेकिन, अब ये प्रदर्शन दंगों का रुप ले चुके हैं. फ्रांस में विरोध प्रदर्शनों और हिंसा की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर एक बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सरकार को गिराने की साजिश रची गई थी. दरअसल, इस विरोध प्रदर्शन को बढ़ाने के पीछे सोशल मीडिया का बड़ा हाथ है.
इंटरनेट पर आगजनी, पुलिस से झड़प और तख्तापलट से जुड़े दावे तेजी से फैल रहे हैं. लेकिन इन दावों के बीच एक पेच है, कुछ तस्वीरें पुरानी हैं, तो कुछ वीडियो AI की मदद से बनाए गए बताए जा रहे हैं. ऐसे में असली घटनाओं और फर्जी खबरों के बीच फर्क करना मुश्किल हो गया है. तीन अहम फैक्ट्स से समझिए, वायरल दावों के पीछे की सच्चाई क्या है और अब तक किन सवालों के जवाब नहीं मिले हैं.
असली प्रदर्शन के बीच फर्जी तस्वीरों का खेल
फ्रांस में महंगाई, जीवनयापन की बढ़ती लागत और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए. 17 अक्टूबर 2026 को हुए प्रदर्शनों के दौरान कई शहरों में हिंसा, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं सामने आईं. इन घटनाओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगीं. फ्रांस में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों में बदल गया है, जिसमें अब तक 2,000 से ज़्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
लेकिन वायरल होने वाली हर तस्वीर मौजूदा घटनाओं की नहीं थी. कुछ पोस्ट में पुराने प्रदर्शनों के वीडियो को नई हिंसा से जोड़कर दिखाया गया, जबकि कुछ तस्वीरें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई थीं. इससे लोगों के सामने वास्तविक हालात और भ्रामक दावों के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया.
बच्चे और प्रदर्शन की गलत वीडियो वायरल
फ्रांस में विरोध प्रदर्शनों के दौरान असली तस्वीरों और वीडियो के साथ भ्रामक और AI से बना कंटेंट भी सोशल मीडिया पर फैलाया गया. ऑनलाइन गलत जानकारी पर नजर रखने वाली संस्था न्यूजगार्ड ने ऐसे कई पोस्ट की पहचान की, जिनमें पुराने या दूसरे दृश्यों को मौजूदा प्रदर्शन से जोड़कर दिखाया गया.
1 अक्टूबर को नीस शहर के एक वीडियो में दावा किया गया कि पुलिस ने एक बच्चे पर आंसू गैस छोड़ी. पुलिस के मुताबिक, बस में बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ी थी और अधिकारियों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया. लिले में पुलिस के कुत्ते को लेकर किया गया दावा भी अधिकारियों ने खारिज किया.
क्या विदेशी ताकतों ने भड़काई हिंसा?
फ्रांस में हुई घटनाओं के बाद विदेशी हस्तक्षेप को लेकर भी सवाल उठे. फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने पहले भी रूस, चीन, ईरान और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक राजनीतिक समूहों से जुड़े कथित भ्रामक प्रचार का जिक्र किया था. रूस से जुड़े कुछ ऑनलाइन नेटवर्क पर फ्रांस के विरोध प्रदर्शनों को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने के आरोप भी सामने आए हैं.
हालांकि, किसी देश या विदेशी संगठन ने ही हिंसा शुरू कराई थी, इसका निर्णायक प्रमाण सामने नहीं आया है. यूरोपीय आयोग ने भी विदेशी सूचना हस्तक्षेप को लेकर पर्याप्त सबूत न होने की बात कही. इसलिए प्रदर्शन भड़काने और बाद में उनका फायदा उठाने को एक ही बात मानना सही नहीं होगा.
तख्तापलट की खबरों पर क्यों उठे सवाल?
फ्रांस में तख्तापलट की साजिश का दावा कितना सही है, इसे समझने के लिए वायरल वीडियो की सच्चाई जानना जरूरी है. दिसंबर 2025 में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को सत्ता से हटा दिया गया है और सेना ने नियंत्रण संभाल लिया है.
जांच में सामने आया कि यह वीडियो AI की मदद से बनाया गया था. इसमें फर्जी पत्रकार और मनगढ़ंत खबर दिखाई गई थी. वीडियो को लाखों बार देखा गया, लेकिन फ्रांस में वास्तव में ऐसा कोई तख्तापलट नहीं हुआ था. इस घटना से पता चलता है कि राजनीतिक अस्थिरता के माहौल में फर्जी वीडियो कितनी तेजी से लोगों को भ्रमित कर सकते हैं. हालांकि, यह दिसंबर 2025 का अलग मामला था, इसे अक्टूबर 2026 के प्रदर्शनों से जोड़ने का कोई प्रमाण नहीं है.
साजिश किसने रची और किसे हुआ फायदा?
फ्रांस की मौजूदा स्थिति में तीन बातें ध्यान देने वाली हैं कि पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम से जोड़ना, AI से फर्जी सीन तैयार करना और वास्तविक हिंसा का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए करना. इन तरीकों से लोगों में डर बढ़ सकता है और सरकारों के खिलाफ जनमत प्रभावित हो सकता है. फर्जी वीडियो और खबरों से लोगों में गुस्सा और भड़क रहा है और प्रदर्शन गंभीर होता जा रहा है.




