Rajiv Thakur Father Dies: कपिल शर्मा शो फेम राजीव ठाकुर के पिता का निधन, कृष्णा अभिषेक ने रद्द किया इवेंट
कॉमेडियन राजीव ठाकुर के पिता का निधन हो गया है. शनिवार को निधन की जानकारी कृष्णा अभिषेक ने दी थी. रविवार को राजीव ने भी पिता के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कर कहा, "पापा चले गए."
Rajiv Thakur Father Dies: कपिल शर्मा शो फेम अभिनेता और कॉमेडियन राजीव ठाकुर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पिता का शनिवार को अचानक निधन हो गया. इस दुखद खबर की जानकारी राजीव के साथी कलाकार कृष्णा अभिषेक ने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फैंस को दी. कृष्णा और राजीव आज यानी 23 अगस्त को मध्य प्रदेश के इंदौर में साथ में परफॉर्म करने वाले थे. इस प्रोग्राम के लिए वो एक दिन पहले यानी शनिवार को ही इंदौर के लिए निकले थे. पर फ्लाइट टेक ऑफ के दौरान ही राजीव को पता चला कि उनके पिता नहीं रहे.
इवेंट कंपनी के इंस्टाग्राम हैंडल पर कृष्णा अभिषेक ने बीते रोज़ एक वीडियो जारी किया, जिसमें वो इंदौर में इवेंट ऑर्गनाइज करने वाली नीतू खन्ना के साथ दिखाई दे रहे हैं. वो कहते हैं, “मैं कृष्णा अभिषेक हूं और मेरे साथ हैं नीतू खन्ना जी, जो हमारा इवेंट इंदौर में कर रही हैं. मैंने अभी तुरंत इंदौर लैंड किया है.”
View this post on Instagram
“राजीव के पिता नहीं रहे”
कृष्णा अभिषेक वीडियो में बताते हैं, “एक दुखद खबर है, जो आप लोगों के साथ साझा करनी हैं. जब हम टेक ऑफ कर ही रहे थे इंदौर के लिए. राजीव ठाकुर जो कि आप जानते हैं कि मेरे साथ परफॉर्म करने वाले थे कल इंदौर में, उनके पिता का निधन हो गया है. ये बेहद दुखद खबर है, इनके लिए, मेरे लिए, पूरी फ्रेटरनिटी के लिए.”
राजीव ने रविवार को किया ये पोस्ट
पिता के निधन के एक दिन बाद राजीव ठाकुर ने भी अपने पिता के चले जाने के बारे में सबको बताया है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने पिता के साथ कई तस्वीरें शेयर की हैं. साथ में उन्होंने लिखा है, “पापा चले गए.”
View this post on Instagram
दूसरी डेट पर होगा इवेंट
कृष्णा अभिषेक ने उनके इवेंट में शामिल होने वाले लोगों से कहा कि जिन लोगों ने भी टिकट लिए हैं, उनसे हम अपील करते हैं कि हम ये शो अभी रीशेड्यूल कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम ये इवेंट किसी दूसरी डेट पर करेंगे. इस पोस्ट के कैप्शन में इवेंट कंपनी की ओर से कहा गया है कि जिन लोगों ने भी टिकट लिए हैं, उन्हें रीफंड दिया जाएगा. साथ ही कंपनी की ओर से वादा किया गया है कि जल्द ही वो नई डेट का ऐलान करेंगे.




