Babita Singh Reporting: ‘पाताल लोक’ मेकर्स का नया धमाका, ला रहे मर्डर मिस्ट्री फिल्म, ट्रेलर जारी
प्राइम वीडियो ने अपनी नई मर्डर मिस्ट्री फिल्म 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' का दमदार ट्रेलर जारी कर दिया है. फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है. इस फिल्म में निमिषा सजयन और बरुण सोबती अहम रोल हैं.
Babita Singh Reporting: OTT प्लेटफॉर्म्स पर रियलिस्टिक क्राइम थ्रिलर और मर्डर मिस्ट्री का जादू हमेशा दर्शकों के सिर चढ़कर बोलता है. ‘पाताल लोक’ और ‘कोहरा’ जैसी कल्ट सीरीज के बाद अब प्राइम वीडियो ने अपनी लेटेस्ट ओरिजिनल इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा फिल्म ‘बबीता सिंह रिपोर्टिंग’ का रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर रिलीज कर दिया है. छोटे शहर की कड़वी हकीकत, मर्डर के अनसुलझे रहस्य और सस्पेंस से भरा यह ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी इसका रियलिस्टिक ट्रीटमेंट है.
‘पाताल लोक’ जैसी हिट सीरीज देने वाले मशहूर क्रिएटर सुदीप शर्मा इस प्रोजेक्ट के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन अंबीएका पंडित ने किया है और कहानी अमित व्यास ने लिखी है.
ट्रेलर में दिखा सस्पेंस
फिल्म के ट्रेलर में एक छोटे शहर का बैकड्रॉप दिखाया गया है, जहां कहानी के केंद्र में है बबीता सिंह नाम की एक सस्पेंडेड महिला पुलिस अफसर, जिसे अपने लोग प्यार से ‘बेबी’ बुलाते हैं. ट्रेलर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है साउथ सिनेमा की बेहतरीन एक्ट्रेस निमिषा सजयन ने इस दमदार किरदार को बेहद संजीदगी के साथ पर्दे पर उतारा है. ट्रेलर में बबीता की निजी जिंदगी की उलझनें और दूसरों को खुश रखने की उसकी मजबूरी दिखती है. लेकिन कहानी में असली भूचाल तब आता है, जब उसके बचपन के एक जिगरी दोस्त का बेरहमी से कत्ल हो जाता है.
ट्रेलर वीडियो
पुलिस से निलंबित होने और चारों तरफ से दबाव के बावजूद बबीता अपने दम पर इस मर्डर केस की तहकीकात में जुट जाती है. ट्रेलर में साफ झलकता है कि यह सिर्फ एक मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने का खेल नहीं है, बल्कि बबीता के अपने आत्मसम्मान और खोई हुई पहचान को वापस पाने का भावनात्मक सफर भी है.
ये भी पढ़ें-
जब सनी देओल का मुस्लिम किरदार बन गया बंटवारा 1947 के लिए मुसीबत, राजकुमार संतोषी ने बताई वजह
रणबीर कपूर के फैंस के लिए खुशखबरी, स्पिरिट के बाद एनिमल पार्क पर काम शुरू करेंगे संदीप रेड्डी वांगा
बरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर का दमदार साथ
ट्रेलर में ओटीटी के चहेते स्टार बरुण सोबती और ‘जामताड़ा’ फेम अंशुमान पुष्कर की मौजूदगी कहानी के सस्पेंस को और दिलचस्प बना रही है. छोटे शहर की राजनीति, पुलिस का दांवपेच और जटिल पारिवारिक ताने-बाने को जिस खूबसूरती से ट्रेलर में पिरोया गया है, उसने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. स्क्वाड प्रोडक्शंस और एक्ट थ्री के बैनर के तहत बनी ये फिल्म 28 अगस्त को भारत के साथ वर्ल्डवाइड सिर्फ प्राइम वीडियो पर हिंदी भाषा (अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ) में सीधे स्ट्रीम होगी.




