Drugs Case: बॉलीवुड-ड्रग्स कनेक्शन का खुलासा, शाहिद कपूर की ‘देवा’ का एक्टर रुहुल्ला मेहदी गिरफ्तार
Drugs Case: मीरा रोड के काशिमीरा इलाके से ड्रग्स मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें से एक अभिनेता रोहुल्ला मेहदी है, जो की शाहिद कपूर की फिल्म 'देवा' में काम कर चुका है.
Drugs Case: मीरा रोड के काशिमीरा इलाके में बॉलीवुड और ड्रग्स कनेक्शन सामने आने से हड़कंप मच गया है. काशिमीरा पुलिस ने NDPS मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 ग्राम MD ड्रग्स और करीब 5 लाख 60 हजार रुपये कीमत के मादक पदार्थ के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले की एफआईआर संख्या 437/2026 है. FIR में अभिनेता और मॉडल रुहुल्ला मेहदी डार उर्फ रोहू का नाम आरोपी के तौर पर सामने आया है.
इस कार्रवाई के बारे में काशिमीरा पुलिस थाने की अपराध प्रकटीकरण शाखा के अधिकारी संजय लोखंडे ने जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, स्नैपचैट, वाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया ऐप के जरिए MD ड्रग्स की बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने नकली ग्राहक बनाकर आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया.
कासिफ ने उगला रोहुल्ला का नाम
कार्रवाई के दौरान 28 ग्राम MD ड्रग्स की डिलीवरी के लिए कासिफ नाम के व्यक्ति को दहिसर चेक नाका इलाके में ठाकुर मॉल के पास बुलाया गया था. पुलिस ने कासिफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान रोहुल्लाह मेहदी का नाम सामने आने का दावा पुलिस ने किया है.
इसके बाद काशिमीरा पुलिस ने मलाड स्थित एक स्टूडियो के बाहर शूटिंग के दौरान रोहुल्लाह मेहदी को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, मेहदी मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले का रहने वाला है और फिलहाल गोरेगांव में रहता है.
शाहिद की देवा में रुहुल्ला कर चुका है काम
रोहुल्ला मेहदी ने शाहिद कपूर के साथ ‘देवा’ फिल्म में काम किया है. इसके अलावा वो कुछ वेब सीरीज में भी नजर आ चुका है. अभिनेता की गिरफ्तारी के बाद अब काशिमीरा पुलिस की जांच फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कथित ड्रग्स नेटवर्क की दिशा में भी आगे बढ़ रही है.
पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने मेहदी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मेहदी ने अब तक किन-किन लोगों को ड्रग्स सप्लाई की है? उसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है और क्या फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अन्य लोगों तक भी मादक पदार्थ पहुंचाया गया था?
इस मामले में फिलहाल दो आरोपी गिरफ्तार हैं. पुलिस को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े और भी लोगों के नाम सामने आ सकते हैं. ये कार्रवाई DCP जोन-1 राहुल चव्हाण के मार्गदर्शन में काशिमीरा पुलिस की टीम ने की है.




